चुनावों की तैयारी में जुटी है महिला पार्टी

महिला आरक्षण विधेयक को लेकर चल रही खींचतान के बीच महिलाओं द्वारा गठित देश का पहला राजनीतिक दल संयुक्त महिला मोर्चा आगामी लोकसभा चुनाव और चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में खामोशी से जुटा हुआ है। इसके लिए उसने देशभर में सीटों की पहचान और उम्मीदवारों को चुनने का काम शुरू कर दिया है।संयुक्त महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुमन कृष्णकांत ने बताया कि उनके मोर्चे ने आगामी लोकसभा चुनाव और साथ ही दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरी तैयारी से अपने उम्मीदवार उतारने का मन बनाया है।पूर्व उपराष्ट्रपति स्व. कृष्णकांत की पत्नी और पिछले करीब 16 वर्ष से महिलाओं के प्रतिष्ठित संगठन महिला दक्षता समिति की अध्यक्ष सुमन कृष्णकांत ने बताया कि दिल्ली में उनका दल विधानसभा की सभी 70 सीटों और लोकसभा की सातों सीटों पर चुनाव लड़ेगा।गौरतलब है कि एक राजनीतिक दल के रूप में संयुक्त महिला मोर्चा का गठन पिछले वर्ष 16 अक्तूबर को हुआ था। सुमन कृष्णकांत के अनुसार धर्म, जाति और संप्रदाय के आधार पर भेदभाव समाप्त कर पूरे राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने तथा नारी जागृति का विस्तार करने के उद्देश्य से इस मोर्चे का गठन किया गया है।

टिप्पणियाँ